इंदौर: शहर में मनबुद्धि नाबालिक युवक द्वारा वृद्धजनों से मारपीट की खबर पर प्रशासन द्वारा अवैध वृद्धाश्रम को सील करने और संचालकों पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई कर दी. साथ ही अवैध वृद्धाश्रम के पीड़ित वृद्धजनों को मान्यता प्राप्त आश्रम में स्थानांतरित किया गया.कलेक्टर शिवम वर्मा ने कल वृद्धजनों के साथ मारपीट की खबर सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की और एसडीएम मल्हारगंज, सामाजिक न्याय एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त दल को मौके पर भेजा. कलेक्टर द्वारा गठित दल ने पीड़ित वृद्धजनों को मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रमों-गणेश आश्रम, निराश्रित सेवाश्रम,आशा निलय में सुरक्षित स्थानांतरित किया.
वहीं मंदबुद्धि नाबालिग को आवश्यक संरक्षण एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है. मौके पर संयुक्त दल ने जांच में प्रेमाश्रय वृद्ध आश्रम, बाणगंगा का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था, जिसको प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है. साथ ही सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आश्रम की संचालिका के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है. संचालिका द्वारा शासकीय भूमि पर निर्मित नगर निगम के भवन में किस आदेश से संचालन किया जा रहा था? इसकी जांच भी करवाई जा रही है. कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए.
