सविता पूनिया बनीं भारत की सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी, 10 लाख रुपये की घोषणा

नयी दिल्ली, सविता पूनिया 321 मैच खेलकर भारत की सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बनीं। हॉकी इंडिया ने इस उपलब्धि पर उन्हें 10 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया।

भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वो भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं। हॉकी इंडिया ने सोमवार को सविता की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें 10 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की।

सविता ने जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में इंडोनेशिया के खिलाफ भारत के पूल बी मैच के दौरान ये रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पूर्व भारतीय स्ट्राइकर वंदना कटारिया के 320 सीनियर इंटरनेशनल मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

‘द वॉल ऑफ इंडिया’
36 साल की सविता को उनकी शानदार गोलकीपिंग और पेनल्टी शूटआउट में बेहतरीन प्रदर्शन के कारण ‘द वॉल ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 2009 में अपना सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

करीब दो दशक के करियर में उन्होंने तीन ओलंपिक, दो एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और एफआईएच प्रो लीग जैसे बड़े टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। सविता ने लंबे समय तक भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी भी की। अब टीम की कमान सलीमा टेटे के हाथों में है, लेकिन सविता अभी भी टीम की अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं।

300 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली दूसरी महिला
सविता ने फरवरी 2025 में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में नीदरलैंड के खिलाफ अपना 300वां इंटरनेशनल मैच खेला था। वह वंदना कटारिया के बाद 300 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं। साथ ही, पीआर श्रीजेश के बाद वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय गोलकीपर थीं।

20 सितंबर 2026 को एशियन गेम्स के ओपनिंग मैच में उज्बेकिस्तान के खिलाफ भारत की 19-0 की जीत के दौरान सविता ने वंदना के 320 मैचों के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इसके बाद इंडोनेशिया के खिलाफ मैच में उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

हॉकी इंडिया ने की सविता की तारीफ
हॉकी इंडिया के प्रेसिडेंट दिलीप टिर्की ने सविता की उपलब्धि की तारीफ करते हुए कहा कि उनका रिकॉर्ड करीब दो दशकों के अनुशासन और शांत नेतृत्व का सबूत है। उन्होंने कहा कि सविता लंबे समय तक टीम की रीढ़ रही हैं और यह उपलब्धि उनके योगदान के अनुरूप है।

हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल भोला नाथ सिंह ने भी सविता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सविता का सफर उन सभी युवा गोलकीपरों के लिए प्रेरणा है, जो भारत की जर्सी पहनने का सपना देखते हैं।

 

 

Next Post

विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

Tue Sep 22 , 2026
सतना: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सज्जनपुर में हर्षोल्लास के साथ सेवा संकल्प अभियान विकसित भारत की संकल्पना पर मेरे सपने का भारत सेवा चित्र प्रदर्शनी लगाई गई और पालक शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दलकार्यक्रम में जिला स्तर से मनोनीत अतिथि दिगपाल सिंह और अध्यक्षता प्राचार्य बिभा शुक्ला ने […]

You May Like