एआई से जुड़ी घटनाओं के लिए बातचीत का ज़रिया बनाने पर सहमत हुए अमेरिका-चीन

वाशिंगटन, 26 सितंबर (वार्ता) अमेरिका और चीन ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी घटनाओं से निपटने के लिए एक द्विपक्षीय संचार माध्यम स्थापित करने पर सहमति जताई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच वाशिंगटन डीसी में हुई शिखर बैठक के बाद व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी।

यह सहमति श्री जिनपिंग की तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा के बाद सामने आई। यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने एआई, व्यापार, ताइवान और मध्य पूर्व, यूक्रेन तथा कोरियाई प्रायद्वीप सहित कई अंतरराष्ट्रीय संघर्षों पर चर्चा की।

व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों देशों ने अमेरिका-चीन ‘सुपर इंटेलिजेंस’ (एसआई) संवाद भी स्थापित किया है। यह उन्नत एआई प्रणालियों से जुड़े जोखिमों और लाभों पर विचारों के आदान-प्रदान का मंच होगा। अगले दौर की वार्ता नवंबर 2026 तक होने की उम्मीद है।

श्री ट्रंप ने ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के बजाय ‘सुपरइंटेलिजेंस’ शब्द के इस्तेमाल का सुझाव दिया है। उनका तर्क है कि ‘आर्टिफिशियल’ शब्द से यह धारणा बन सकती है कि यह तकनीक वास्तविक नहीं है।

व्हाइट हाउस ने कहा कि नया द्विपक्षीय संचार माध्यम दोनों देशों को सुपरइंटेलिजेंस से जुड़ी घटनाओं के संबंध में एक-दूसरे से संपर्क करने में सक्षम बनाएगा। चीन की ओर से इस घोषणा पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

शिखर बैठक से कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं हुई, लेकिन इससे यह स्पष्ट हुआ कि दोनों पक्ष आपसी संवाद बनाए रखने को महत्व देते हैं। दोनों देशों ने मौजूदा व्यापार संघर्षविराम को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। यह संघर्ष विराम नवंबर में समाप्त होना था, लेकिन अब वार्ता के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसे जनवरी तक बढ़ा दिया गया है।

श्री ट्रंप ने कहा कि बैठक से श्री जिनपिंग के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध और मजबूत हुए हैं तथा उन्होंने अमेरिका-चीन संबंधों के भविष्य को लेकर आशा व्यक्त करते हुए कहा, ”हमने बड़ी प्रगति की है, जो दोनों देशों के लिए बहुत सकारात्मक है।”

श्री जिनपिंग ने दोनों देशों से ”स्वस्थ प्रतिस्पर्धा” जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने एआई को ऐसा क्षेत्र बताया, जिसमें दोनों देशों के पास समाज के हित में इस तकनीक के विकास और प्रबंधन को बढ़ावा देने की क्षमता और जिम्मेदारी दोनों हैं।

व्यापार के मुद्दे पर व्हाइट हाउस ने कहा कि चीन ने 2027 और 2028 में अमेरिका से कम से कम एक करोड़ टन कोयला खरीदने पर सहमति जताई है। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच कारोबार किए जाने वाले 30 अरब डॉलर मूल्य के ”गैर-संवेदनशील उत्पादों” पर अधिक अनुकूल शुल्क व्यवस्था पर भी सहमति जताई।

श्री जिनपिंग की यात्रा के दौरान राजकीय भोज और सैन्य परेड का आयोजन हुआ। दोनों नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रीय अभिलेखागार का भी दौरा किया, जहां उन्होंने स्वतंत्रता की घोषणा और अमेरिकी संविधान को देखा।

श्री ट्रंप ने दोनों देशों के इतिहास की तुलना करते हुए कहा कि अमेरिका का इतिहास ”250 साल” पुराना है, जबकि चीन का इतिहास ”6,000 साल” पुराना है। दोनों नेताओं की अगली बैठक नवंबर में शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन और दिसंबर में मियामी में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान होने की संभावना है।

Next Post

दो बाइकों के बीच कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे नशे की खेप, 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त

Sat Sep 26 , 2026
नीमच। ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत बघाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ सहित दो बाइक और […]

You May Like