
सीधी।विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सीधी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उपनी में जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह की विशेष उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समाज के वरिष्ठजनों का शाल से सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज देश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण की अमूल्य धरोहर का संवाहक है। सदियों से आदिवासी समाज ने अपनी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जीवंत बनाए रखा है। उनका संघर्ष, त्याग, योगदान और गौरवपूर्ण इतिहास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार, सामाजिक उत्थान और विकास के लिए कांग्रेस सदैव उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हितों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी जिम्मेदारी है और उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया गया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सामाजिक सम्मान और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता आकाश सिंह रिंकू, भूपेंद्र सिंह, रावेंद्र उपाध्याय, रामगोपाल तिवारी, मुंशीलाल कोल, दद्दी कोल, जमादार केवट, नारायण कोल, भैयालाल बसोर, लल्ली कोहार, सुखलाल कोहार, सुखलाल कोल, रविराज सिंह सहित आदिवासी समाज के गणमान्यजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
