दो बाइकों के बीच कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे नशे की खेप, 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त

नीमच। ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत बघाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ सहित दो बाइक और पांच मोबाइल की कुल कीमत करीब 14.99 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को उप निरीक्षक रामकिशन सिंधावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक बघाना से धनेरिया होते हुए अरनिया कुमार क्षेत्र की ओर मादक पदार्थ की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अरनिया फंटा आमरोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।

कुछ देर बाद धनेरिया की ओर से एक हीरो स्प्लेंडर बाइक आती दिखाई दी। उसके पीछे एचएफ डीलक्स बाइक भी आ रही थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों बाइकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के कट्टे से 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से इस्माइल (25), पवन चौहान (20), कुशाल धनकानी (20), कृश तिग्गा (20) और नाजिम हुसैन (23), सभी निवासी बघाना क्षेत्र, को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया सप्लाई का कनेक्शन

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि जब्त मादक पदार्थ की खेप नाजिम हुसैन को दी जानी थी। मामले में पुलिस अब अफजल मुसलमान सहित अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

14.99 लाख रुपए का मशरूका जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 642 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 5 किलो डोडाचूरा, जिसकी कीमत करीब 12.99 लाख रुपए बताई गई है, के साथ दो बाइक करीब 1 लाख रुपए तथा पांच एंड्रॉइड मोबाइल करीब 1.50 लाख रुपए कीमत के जब्त किए। इस तरह कुल जब्त मशरूका करीब 14.99 लाख रुपए बताया गया है।

बघाना थाने में अपराध क्रमांक 318/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22, 15 एवं 29 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में जुड़े अन्य संभावित आरोपियों तथा मादक पदार्थ की सप्लाई चैन की जांच की जा रही है।

Next Post

जेल बंदियों को तनावमुक्त जीवन का पाठ और सकारात्मक रहने का दिया संदेश

Sat Sep 26 , 2026
जबलपुर। केंद्रीय जेल जबलपुर में जेल बंदियों को तनावमुक्त जीवन जीने और विपरीत परिस्थितियों में संयम बनाए रखने का संदेश दिया गया। माननीय न्यायमूर्ति विवेक रूसिया, कार्यपालक अध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर 26 सितंबर को जेल बंदियों के तनावमुक्त जीवन शैली प्रबंधन विषय पर […]

You May Like