
सिंगरौली। जिले के वनों में इन दिनों आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। वन परिक्षेत्र माड़ा एवं बरगवां में धू-धू कर जंगल जल रहा है।
गौरतलब है कि जिले की जंगलों में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। एक सप्ताह पूर्व वन परिक्षेत्र सरई के पूर्वी रेंज के जमगड़ी जंगल में भीषण आग ली थी। जहां दूसरे दिन किसी तरह वन अमले की टीम ने आग पर काबू पाया था। वही माड़ा रेंज के ढेका, कोयलखूॅथ, असनी व रौंदी, बहेरी, सुलयारी, माड़ा, धरी समेत अन्य कई गांव के आसपास के जंगल में पिछले दो दिन से आग ध-धक रही थी। जब चारों तरफ धुआं ही धुआं नजर आने लगा। ग्रामीणों के द्वारा इसकी जानकारी वन परिक्षेत्र माड़ा के मैदानी अमले को दिया। जहां आज दिन रविवार को वन अमले की टीम ने आग पर काबू पाने के लिए जद्दोजहद शुरू कर दिया है। कड़ी मसक्कत के बाद आग पर किसी तरह नियंत्रण पाया है। लेकिन अभी भी आग नही बुझी है। वन परिक्षेत्राधिकारियों का कहना है कि महुआ का फूल बिनने वाले ग्रामीणों के द्वारा पतझड़ों के साफ-सफाई करते समय आग लगा दी जाती है। वही वन कर्मी यह भी बताते हैं कि मवेशियों को चराने वाले चरवाहे आगजनी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। जबकि महुआ फूल गिरने का काम लगभग 50 प्रतिशत पूरा हो गया। आग कैसे लग रही है स्पष्ट नही है।
उधर, बंधौरा के समीप अमिलिया घाटी के जंगल में आग लगी हुई है। बताया जा रहा है कि आग धीरे-धीरे बेकाबू होकर फैलती जा रही है।
