शिवपुरी: शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के गजौरा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद गहरा गया है। आदिवासी समाज के लोगों ने प्रतिमा हटाने की मांग करते हुए पिछोर-बसई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके जवाब में बहुजन समाज के लोग प्रतिमा को यथावत रखने की मांग पर धरने पर बैठ गए।दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर जाम खुलवाया।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब अज्ञात लोगों ने गजौरा गांव की आदिवासी बस्ती में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह प्रतिमा देखने के बाद बस्ती के लोगों ने इसका विरोध किया। आदिवासी समाज का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उनकी झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया है। उनका दावा है कि वे पिछले 20 वर्षों से इस बस्ती में रह रहे हैं और यह कदम उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश का हिस्सा है।
आदिवासी समाज ने प्रशासन को 24 घंटे के भीतर प्रतिमा हटाने का अल्टीमेटम दिया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके प्रत्युत्तर में बहुजन समाज के लोग भी प्रतिमा को उसी स्थान पर रखने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई। मौके पर भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है।
