आयुष विभाग की पहल से बढ़ी आयुर्वेद की विश्वसनीयता, मंदसौर में दो दिवसीय आयुर्वेद शिविर का भव्य आयोजन

मंदसौर। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष विभाग की स्थापना और अस्पतालों में आयुष विंग के माध्यम से एलोपैथी के साथ आयुर्वेद को जोड़ने से आज आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति आमजन की विश्वसनीयता और रुझान तेजी से बढ़ा है। आयुष विंग, जिला चिकित्सालय मंदसौर द्वारा जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु धु्रव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में दो दिवसीय आयुर्वेद दिवस के तहत नूतन स्कूल परिसर, हर्बल गार्डन एवं गायत्री परिवार परिसर में विशेष शिविर तथा विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. देवेंद्र पुराणिक ने कहा कि सरकार द्वारा शासकीय अस्पतालों में आयुष विभाग की स्थापना कर डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और बड़ी संख्या में युवा छात्र आयुर्वेद की डिग्री लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डॉ. रविंद्र पांडे ने कहा कि भारत सरकार द्वारा आयुष विभाग के माध्यम से दी जा रही प्रामाणिक दवाओं और उपचार के कारण ही आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति की ओर आकर्षित हो रही है। बिना किसी साइड इफेक्ट के यह पद्धति रोग का स्थायी समाधान प्रदान करती है।

अखिल विश्व गायत्री परिवार मंदसौर शाखा के वरिष्ठ डॉ. वेदपाल सिंह ने कहा कि आयुर्वेद से ही एलोपैथी का जन्म हुआ है और इसके परिणाम शीघ्र व स्थायी होते हैं, जिसके लिए मरीज को संयम व नियमों का पालन करना होता है। शिविर में आयुष विंग प्रभारी डॉ. रश्मि मौर्य ने सभी अतिथियों का औषधीय पौधे भेंट कर स्वागत किया और वात, पित्त तथा कफ के संतुलन पर आधारित एक सुंदर और सारगर्भित कविता का वाचन कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

आयोजन के दौरान 22 सितंबर को पूर्व संध्या पर उमंग दिवस एवं आयुर्वेद दिवस के अवसर पर नूतन स्कूल तथा आंगनवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में ‘भविष्य के लिए आयुर्वेद’ विषय पर किशोरी बालिकाओं के मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति आधारित नाटक मंचन तथा आयुर्वेद आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में गजेंद्र वाघेला ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं के छात्र हर्ष मेहता, भारत सिंह, कुलदीप, विकास जाटव, ललित प्रजापत एवं रितेश जोशी को उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरक उद्बोधन के लिए नूतन हाई स्कूल की प्राचार्या श्रीमती प्रीति जैन एवं आयुष विंग प्रभारी डॉ. रश्मि मौर्य द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पिप्पल, गायत्री परिवार की श्रीमती रेखा, श्रीमती चन्द्रकला सेठिया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामकन्या खाटवा, सरोज सिसोदिया, लता पुरोहित, नूतन स्कूल का शैक्षणिक स्टॉफ तथा मनीष शर्मा, कोमल शिंदे, अनिता कुमावत, हंसा पारिख, छाया भाटी, वंदना रत्नावत, रोहित सिंह चौहान एवं उमंग संस्था की श्रीमती ज्योत्स्ना शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दो दिवसीय इस आयोजन में आयुष कम्पाउंडर नंदलाल सोलंकी द्वारा लगभग 325 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें रोग प्रतिरोधक एवं रोगानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।

Next Post

गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जिला प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

Thu Sep 24 , 2026
नीमच। जिले में 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने […]

You May Like