नयी दिल्ली 28 जून (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने फ्यूचर जनरली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में 24.91 प्रतिशत हिस्सेदारी और फ्यूचर जनरली इंडिया लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में 25.18 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
बैंक ने यहां जारी बयान में कहा कि यह जीवन बीमा और साधारण बीमा में अपने संयुक्त उद्यमों के माध्यम से बीमा क्षेत्र में बैंक की उपस्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल है। इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य पूरे भारत में बीमा पैठ को बढ़ाना, नये बीमा उत्पाद प्रदान करना, गहन वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करना और 2047 तक सभी के लिए बीमा के सरकार के मिशन को प्राप्त करने में सक्षम बनाना है।
सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक आधार और वितरण नेटवर्क को जनरली की वैश्विक विशेषज्ञता वाले बीमा समाधानों के साथ मिलने से ग्राहकों को भारतीय बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों का एक समृद्ध संग्रह मिलेगा। 1911 में स्थापित, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित बैंकों में से एक है, जिसके पास 4500 से अधिक शाखाओं और 20000 से अधिक टचपॉइंट्स का नेटवर्क है। जनरली एक अग्रणी वैश्विक बीमा और परिसंपत्ति प्रबंधन प्रदाता है जिसकी उपस्थिति 50 से अधिक देशों में है और यह ग्राहक केंद्रित समाधानों के लिए जाना जाता है।
इस साझेदारी के माध्यम से, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया का लक्ष्य दीर्घकालिक मूल्य को सम्बर्धित करना और अपने ग्राहकों को जीवन, साधारण और स्वास्थ्य बीमा उत्पादो की एक व्यापक श्रृंखला प्रदान करना है। बैंक अपने बड़े ग्राहक आधार को लक्षित करने तथा भौगोलिक आधार पर कम सेवा प्राप्त ग्राहकों को बीमा समाधान प्रदान करने का प्रस्ताव करता है। बैंक का लक्ष्य अपने समृद्ध शाखा नेटवर्क, समर्पित कार्यबल और विश्वस्तरीय तकनीक के साथ अपने ग्राहकों की सेवा करना है।
