हैदराबाद |वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत रोमांटिक ड्रामा ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 5 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई। लंबे समय से चर्चा में रही इस फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़े काफी निराशाजनक सामने आए हैं। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, वरुण धवन की यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में खास सफल नहीं हो सकी है, जिससे इसकी ओपनिंग काफी धीमी रही।
कमाई के शुरुआती आंकड़े
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने देशभर में करीब 9,081 शोज के साथ पहले दिन 7.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म का ग्रॉस घरेलू कलेक्शन 9.00 करोड़ रुपये रहा है, जबकि ओवरसीज बाजार में इसने लगभग 2 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 11 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है, जो बड़े बजट की इस फिल्म के लिए काफी कम माना जा रहा है।
ऑक्यूपेंसी रेट और फिल्म का पक्ष
फिल्म का ओवरऑल ऑक्यूपेंसी रेट केवल 20.15 फीसदी ही दर्ज किया गया है। डेविड धवन द्वारा निर्देशित यह फिल्म उनके करियर की आखिरी फिल्म बताई जा रही है। फिल्म में वरुण धवन के साथ मनीष पॉल, जिम्मी शेरगिल, मौनी रॉय और चंकी पांडे जैसे कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। रमेश तौरानी द्वारा निर्मित इस फिल्म को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।

