टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए हरभजन सिंह ने एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने सेमीफाइनल के लिए इन चार टीमों को चुना है। इसमें भारत के साथ अफगानिस्तान भी शामिल है।
टी20 वर्ल्ड कप की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और क्रिकेट फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारतीय टीम खिताब का सफल बचाव कर पाएगी? इस बार टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है, जिससे घरेलू परिस्थितियों का फायदा टीम इंडिया को मिलना तय माना जा रहा है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरने वाली भारतीय टीम को लेकर पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भरोसा तो जताया है, लेकिन साथ ही एक अहम चेतावनी भी दी है।
हरभजन सिंह का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम बेहद संतुलित और मजबूत है। बल्लेबाज़ी में गहराई है, तेज गेंदबाज़ी में धार है और स्पिन विभाग भी अनुभव व विविधता से भरा हुआ है। हरभजन के अनुसार, घरेलू पिचों और हालात को भारतीय खिलाड़ी किसी भी अन्य टीम से बेहतर समझते हैं, जो टूर्नामेंट में बड़ा फर्क पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारत के पास टी20 वर्ल्ड कप जीतने का शानदार मौका है, लेकिन असली चुनौती दबाव को संभालने की होगी।
