उत्तर प्रदेश में दलितों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जायें: धर्मेन्द्र यादव

नयी दिल्ली, 03 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा में गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदहाल है और वहां दलितों की सुरक्षा के समुचित उपाय किये जाने चाहिये।

श्री यादव ने शून्य काल में यह मामला उठाते हुये कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में हाल ही में एक दलित युवक सनी कुमार की हिरासत के दौरान मृत्यु हो गयी। इस मामले में पुलिस ने दावा किया कि सनी कुमार ने पैजामा के नाड़े से फांसी लगा ली थी। उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हिरासत में मौतों के मामले में यह प्रदेश सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि राज्य सभा सदस्य रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित आवास पर हमला किया गया है, उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाये। उन्होंने मांग की कि उत्तर प्रदेश के दलितों की सुरक्षा के पुख्ता उपाय किये जाने चाहिये।

सपा की ही डिंपल यादव ने सदन में पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के लाभार्थियों को उपचार में आ रही दिक्कतों का मामला उठाया और उन्हें दूर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ईसीएचएस के लाभार्थियों को पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में उपचार मिलने में कठिनाइयां आती हैं, उन्हें बिस्तर खाली न होने का बहाना बनाकर टकरा दिया जाता है जबकि दूसरे लोगों को उपचार कर दिया जाता है। उन्होंने यह भेदभाव बंद कराये जाने की मांग की।

 

 

 

Next Post

मोदी बैंकॉक पहुंचे

Thu Apr 3 , 2025
बैंकॉक/नयी दिल्ली 03 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक पहुंचे। श्री मोदी शुक्रवार को यहां आयोजित होने वाले छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और थाई नेतृत्व के साथ वार्ता भी करेंगे। वर्तमान बिम्सटेक अध्यक्ष थाईलैंड […]

You May Like