काशी किंग्स ने बनायी जीत की ‘हैट्रिक’

लखनऊ, 11 अप्रैल (वार्ता) काशी किंग्स ने ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ में शनिवार को दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत की हैट-ट्रिक लगाते हुए नाकआउट के लिए मजबूत दावेदारी कर दी।

काशी किंग्स ने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल की बदौलत गाजियाबाद पैंथर्स को 24-19 से शिकस्त देते हुए तालिका में शीर्ष पर अपनी पकड़ बना ली। वहीं गोरखपुर राउडीज़ की टीम मथुरा ब्रजस्टार को हराकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। एक अन्य मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स के खिलाफ वापसी करते हुए पहली जीत का स्वाद चखा।

टूर्नामेंट के तीसरे दिन पहले मैच में काशी किंग्स ने खेल के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद पैंथर्स पर दबाव बनाए रखा। जीत में स्टार खिलाड़ी अविनाश ने फिर कमाल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देते हुए सात गोल दागे। हालांकि काशी की जीत के नायक गोलकीपर रजत खटकर बनकर उभरे जिन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ का पुरस्कार मिला। टीम ने पहले हॉफ में 14-10 की बढ़त बना ली जबकि विमलेश ने चार और अनीश यादव व मोहित ने तीन-तीन गोल किए। गाजियाबाद पैंथर्स से मोहित कुमार व संचिन ने पांच-पांच गोल किए लेकिन टीम की हार को टाल नहीं सके।

दूसरे मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए नोएडा ब्लास्टर्स के खिलाफ 22-17 की जीत से खाता खोला। पहले हॉफ में नोएडा ने तेजी दिखाते हुए 11-6 की बढ़त बनाई। हालांकि बर्बरीक वॉरियर्स ने दूसरे हॉफ में आक्रामक रणनीति अपनाते हुए जीत अपने नाम की। टीम से मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर हसीन खान ने बेहतरीन तेजी दिखाई और सर्वाधिक 11 गोल दागे।

दिन के अंतिम मैच में गोरखपुर राउडीज़ ने मथुरा ब्रजस्टार को 32-25 से शिकस्त दी। मध्यांतर तक 15-12 की बढ़त बनाने वाली गोरखपुर के लिए पवन व क्रिशन ने आठ-आठ गोल किए। पवन मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुने गए। मथुरा ब्रजस्टार से निहाल ने सर्वाधिक 6 गोल दागे लेकिन मौके चूकने का खामियाजा टीम को हार से भुगतना पड़ा।

 

 

Next Post

सचदेवा की आत्मा की शांति के लिए आयोजित कीर्तन समागम में नवीन,नड्डा सहित पहुंच तमाम भाजपा नेता

Sat Apr 11 , 2026
नयी दिल्ली 11 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के पिता श्याम लाल सचदेवा की स्मृति में शनिवार को यहां गुरुद्वारा माता सुंदरी जी में कीर्तन समागम का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण […]

You May Like