सचदेवा की आत्मा की शांति के लिए आयोजित कीर्तन समागम में नवीन,नड्डा सहित पहुंच तमाम भाजपा नेता

नयी दिल्ली 11 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के पिता श्याम लाल सचदेवा की स्मृति में शनिवार को यहां गुरुद्वारा माता सुंदरी जी में कीर्तन समागम का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के तमाम आला नेता मौजूद रहे।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के प्रमुख रागी सरदार भाई भूपेंद्र सिंह आनंद ने गुरूबानी के शबद गाये और समागम के अंत में दिवंगत श्री श्याम लाल सचदेवा की आत्मा की शांति के लिए अरदास की गयी।

इस मौके पर श्री नवीन ने कहा, “मैं सबसे पहले स्व. श्याम लाल सचदेवा को भाजपा परिवार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। साथ ही सचदेवा परिवार के इस दुख की घड़ी को सहने के लिए भगवान से प्रार्थना करता हूं। स्व सचदेवा के बारे में जितना मैं जान पाया हूं, उन्होंने समाजिक कार्यकर्ता के रुप में और पार्टी के लिए जो योगदान दिया है, वह समर्पण उनके परिवार में साफ तौर पर देखा जा सकता है। उनके अंतिम समय में भी पूरे परिवार को एक साथ रखना यह उनके शिष्टाचार का प्रतीक है।”

वहीं, श्री नड्डा ने कहा, “आज हम सब यहां इकट्ठा हुए हैं, उस महान आत्मा को याद करने के लिए जिन्होंने समाजिक जीवन में एक बेहतर समाजिक कार्यकर्ता के रुप में अपना जीवन बिताया और पारिवारिक दायित्वों को निर्वहन किया।” उन्होंने कहा, “उन्होंने (श्री सचदेवा) परिवार के सभी सदस्यों को शिष्टाचार देने का लक्ष्य स्थापित किया। ऐसी महान आत्मा को मैं पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि देता हूं और परिवार के सदस्यों को इस दुख की घड़ी को सहने की प्रार्थना करता हूं।”

कीर्तन समागम में सचदेवा परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए श्री नवीन और श्री नड्डा के अलावा केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, श्री गिरिराज सिंह, श्री हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी बैजयंत पांडा, श्री अरूण सिंह, श्री तरूण चुघ, श्री विनोद तावडे, दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, राजस्थान सरकार में उप मुख्य मंत्री सुश्री दिया कुमारी, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सांसद मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, श्रीमती कमलजीत सहरावत, सुश्री बाँसुरी स्वराज, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरोगोई, लद्दाख भाजपा अध्यक्ष ताशी गयालसन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक विशाल जी, आरएसएस के समन्वयक दयानंद जी, दिल्ली विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष कपिल खन्ना, नोएडा के विधायक श्री पंकज सिंह और नयी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल उपस्थित हुए। इसके अलावा दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. हर्षवर्धन, श्री विजय गोयल, प्रो. जगदीश मुखी, श्री मोहन सिंह बिष्ट, श्री आदेश गुप्ता के आलावा दिल्ली भाजपा संगठन पदाधिकारी, विधायक और कई पार्षद भी कीर्तन समागम में पहुंचे थे।

इसके साथ ही दिल्ली के सैकड़ों सामाजिक, नागरिक, व्यपारिक संगठनों के आलावा खेल संघों के प्रतिनिधि कीर्तन समागम में शामिल है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आज सुबह श्री सचदेवा के निवास पर परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की।

कीर्तन समागम में सचदेवा परिवार की ओर से दिवंगत श्री सचदेवा की पत्नी कृष्णा सचदेवा के साथ उनके पुत्र एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के आलावा सर्वश्री विजय जनकराज रावत, मनोहर किरण सचदेवा, भारत सचदेवा, मुकेश सुनिता सचदेवा, जुगेश पूनम सचदेवा और डा. प्रियंका सचदेवा आदि ने श्री श्याम लाल सचदेवा के निधन के तुरंत बाद से मिल रही संवेदनाओं के लिए आभार प्रकट किया।

गौरतलब है कि श्री सचदेवा का गत मंगलवार को 94 साल की उम्र में निधन हो गया।

Next Post

मुआवजा या वैकल्पिक आवास बगैर शालीमार बाग में बेदखली की कार्रवाई न हो- यादव

Sat Apr 11 , 2026
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शालीमार बाग गांव में प्रस्तावित बेदखली को लेकर चिंता जताते हुए शनिवार को कहा कि किसी भी परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा या वैकल्पिक आवास दिए बिना हटाया नहीं जाना चाहिए। श्री यादव ने कहा कि दिल्ली उच्च […]

You May Like