
नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा बाराजी निवासी 45 वर्षीय मांगीलाल भील की रविवार को अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई। मृतक धामनिया सरवानिया चौकी क्षेत्र में मजदूरी करने गया था, जहां काम के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे मांगीलाल को खून की उल्टियां होना शुरू हुईं। स्थिति गंभीर होती देख मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल उसे नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर संबंधित थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर प्रारंभिक जांच कर आवश्यक कार्रवाई की। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक रूप से मौत का कारण आंतरिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या मानी जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
