
सीधी। मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली को अत्याधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 01 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सीधी के सभागार में विवेचकों हेतु टैबलेट वितरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 69 विवेचकों को टैबलेट वितरित किए गए। इन टैबलेट्स के माध्यम से ई- विवेचना ऐप
सहित अन्य महत्वपूर्ण पुलिसिंग एप्लिकेशन का उपयोग कर मैदानी स्तर पर अनुसंधान संबंधी कार्यों को अधिक त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान टैबलेट एवं संबंधित डिजिटल एप्लिकेशन के संचालन तथा अनुसंधान में उनके व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि डिजिटल साक्ष्य, रियल-टाइम सूचना आदान-प्रदान, तकनीक आधारित पुलिसिंग एवं डिजिटल इंटीग्रेशन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस आईसीजेएस , सीसीटीएनएस , ई-साक्ष्य ,एनएएफआईएस एवं एआई आधारित डिजिटल पुलिसिंग के माध्यम से वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विवेचकों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा अनुसंधान प्रक्रिया को डिजिटल, सटीक एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
