बैतूल। बोरदेही पुलिस ने अंतर जिला वाहन ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो बोलेरो और चार ट्रैक्टर समेत कुल छह वाहन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है।
19 जून 2025 को फरियादी दिनेश उईके, रामदास उईके, तुलाराम उईके, सुदरसिंह उईके और सूरज मालवीय ने थाना बोरदेही में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि आरोपियों ने बोलेरो और ट्रैक्टर किराए पर लिए और फिर उन्हें हड़प लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 213/2025 धारा 318(3), 316(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने छिंदवाड़ा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जागेश्वर विश्वकर्मा (निवासी गुबरेल), पुष्पराज गोरे (निवासी गोरेघाट), और आकाश चंद्रवंशी (निवासी खकरा चौरई)। आरोपियों को न्यायालय आमला में पेश किया गया। जब्त वाहनों में दो बोलेरो, एक महिंद्रा ट्रैक्टर, एक सोनालिका ट्रैक्टर, एक पावरट्रैक ट्रैक्टर और एक आयशर ट्रैक्टर शामिल हैं। गिरोह का तरीका यह था कि ये आरोपी पहले वाहन किराए पर लेते थे और बाद में उन्हें अन्य जिलों में बेच देते थे। बैतूल पुलिस की यह कार्रवाई ठगी के मामलों पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
