बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के बडोरा चौक पर शनिवार को हुए हादसे में एक मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद सात माह का मासूम बेटा बाल-बाल बच गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 24 वर्षीय संगीता पटेल, पति राजेंद्र कुमार पटेल, निवासी वास्तुपार्क बडोरा के रूप में हुई है। संगीता अपने पति और सात माह के बेटे ध्रुव के साथ बाइक से बच्चे को डॉक्टर को दिखाकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वे बडोरा चौक पर पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान संगीता ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के वक्त संगीता की गोद में मौजूद सात माह का मासूम ध्रुव इस भीषण दुर्घटना में सुरक्षित बच गया। वहीं, पति राजेंद्र कुमार को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई। बच्चे के सुरक्षित बच जाने को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
नरेंद्र सिंह ठाकुर, जांच अधिकारी
