यरूशलम, 05 दिसंबर (वार्ता) इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि वह रॉयल थाई वायु सेना को एक एडवांस्ड वायु रक्षा प्रणाली की आपूर्ति करेगी। बयान में वायु रक्षा प्रणाली की रकम और आपूर्ति की तारीख का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। लेकिन इजरायली मीडिया की माने, तो यह पूरी डील लगभग 107 मिलियन अमेरिकी डॉलर की है। आईएआई ने बताया कि उसका बराक एमएक्स इंटीग्रेटेड एयर-और मिसाइल-डिफेंस सिस्टम थाईलैंड को पहली मीडियम-रेंज एयर-डिफेंस क्षमता देगा, जो बैलिस्टिक और हवाई दोनों तरह के खतरों से पूरी सुरक्षा देगा।
बयान के अनुसार यह प्रणाली थाई एयरस्पेस को ड्रोन, फाइटर जेट, क्रूज मिसाइलों और 150 किलोमीटर तक की रेंज वाली मिसाइलों से बचायेगी। बराक एमएक्स प्रणाली नौसेना और जमीन दोनों जगह इस्तेमाल की सुविधा देती है और यह एक साथ कई हवाई खतरों का पूरा जवाब देने में सक्षम है। यह कुछ ही मिनटों में ऑपरेशन के लिए तैयार हो सकती है और इसमें इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और साइबर खतरों के खिलाफ एडवांस्ड रेजिलिएंस है। इसमें साथ ही रियलिस्टिक कॉम्बैट सिमुलेशन के लिए एक ट्रेनिंग सिस्टम भी है।

