काठमांडू, 09 मार्च (वार्ता) नेपाल में निचले सदन प्रतिनिधि सभा के चुनाव की गहमागहमी के बीच संघीय संसद के ऊपरी सदन राष्ट्रीय सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। स्थानीय मीडिया के अनुसार, काठमांडू के सिंह दरबार में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष नारायण प्रसाद दहल ने 18 में से 17 सदस्यों को शपथ दिलायी। इन सदस्यों का निर्वाचन इसी वर्ष 25 जनवरी को हुआ था। नेपाल के संविधान के अनुसार, 59 सदस्यीय राष्ट्रीय सभा के सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष का होता है। सदन की निरंतरता बनाये रखने के लिए इसके एक-तिहाई सदस्यों का कार्यकाल प्रत्येक दो वर्ष में समाप्त हो जाता है और उनकी जगह नये चुनाव कराये जाते हैं। इस बार 19 सदस्यों का कार्यकाल 4 मार्च 2026 को समाप्त हुआ था। इन 19 खाली सीटों में से 18 सीटों पर सात प्रांतों में मतदान के जरिये 25 जनवरी को चुनाव हुए थे। बची एक सीट पर सदस्य का मनोनयन सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति करते हैं।
मनोनीत होने वाले सदस्य का चयन प्रतिनिधि सभा के चुनाव का मतगणना संपन्न हो जाने के बाद नवगठित सरकार के सिफारिश पर राष्ट्रपति करेंगे। सोमवार को शपथ लेने वाले नवनिर्वाचित सदस्यों में श्री खम्म बहादुर खाती, सुश्री गीता देवकोटा, चंद्र बहादुर केसी, जगत टिमल्सिना, धर्मेंद्र पासवान, प्रेम प्रसाद दंगाल, महंत ठाकुर, रंजीत कर्ण, सुश्री राम कुमारी झांकरी, सुश्री रेखा कुमारी झा, सुश्री रोशनी मेचे, ललित जंग शाही, सुश्री लीला कुमारी भंडारी, वासुदेव घिमिरे, सम्झना देवकोटा, सुनील बहादुर थापा और सोमनाथ पोर्तेल शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में सुश्री मीना सिंह रखाल अनुपस्थित रहीं।

