इस्तांबुल, 29 जुलाई (वार्ता) तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोगन ने कहा है कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के बीच संभावित बैठक की मेजबानी करने के लिए तैयार हैं।
श्री अर्दोगन ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद कहा “हमारा मानना है कि यह युद्ध अब समाप्त हो जाना चाहिए। मैं हर अवसर पर अपने क्षेत्र में नेताओं के स्तर पर बैठक आयोजित करने पर ज़ोर देता हूँ। तुर्की की इच्छा है कि जिस तरह इस्तांबुल में पहले बातचीत आयोजित की गई थी, उसी तरह निकट भविष्य में तुर्की में एक और बैठक आयोजित की जाए। फिर यह खूनी युद्ध समाप्त हो जाए।”
गौरतलब है कि 24 जुलाई को तुर्की के विदेश मंत्री हकान फ़िदान ने कहा था कि राष्ट्रपति अर्दोगन इस्तांबुल में श्री पुतिन और श्री ज़ेलेंस्की के बीच संभावित बैठक के आयोजन में तेज़ी लाना चाहते हैं।
इस बीच रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि इस “दूरी” को एक ही झटके में पाटना मुश्किल होगा क्योंकि इसके लिए बहुत काम करना होगा।
