थाईलैंड-कंबोडिया के क्षेत्रीय सैन्य कमांडरों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में युद्धविराम की पुष्टि की

बैंकॉक/नोम पेन्ह, 29 जुलाई (वार्ता) थाईलैंड और कंबोडिया के क्षेत्रीय सैन्य कमांडरों ने मंगलवार सुबह सीमावर्ती क्षेत्रों में बैठक की और एक दिन पहले हुए युद्धविराम के कार्यान्वयन पर चर्चा की।

थाईलैंड की सेना के प्रवक्ता विन्थाई सुवारी ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों के क्षेत्रीय सैन्य कमांडरों ने बैठकें कीं और पांच अगस्त को होने वाली जनरल बॉर्डर कमेटी (जीबीसी) की बैठक से पहले युद्धविराम और सैन्य गतिविधियों पर रोक लगाने पर सहमति व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि बैठकों से पहले ही थाई-कंबोडियाई सीमा पर युद्धविराम लागू हो चुका था।

इस बीच, कंबोडियाई राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि कंबोडियाई सैन्य क्षेत्र पांच और थाई सैन्य क्षेत्र एक के कमांडरों के बीच 10 मिनट से अधिक समय तक बैठक हुयी।

उन्होंने कहा, “दोनों पक्ष युद्वविराम का सम्मान करने और टकराव तथा तनाव से बचने के लिए सैनिकों की संख्या में वृद्धि रोकने पर सहमत हुए। दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ बातचीत फिर से शुरू करने और जानकारी प्रदान करने पर भी सहमत हुए।”

गौरतलब है कि विवादित सीमा क्षेत्रों पर कंबोडियाई और थाई सैनिकों के बीच गोलीबारी 24 जुलाई को शुरू हुयी और 28 जुलाई को युद्ध विराम हुआ।

Next Post

रुपया लगातार तीसरे दिन टूटा, 87 रुपये प्रति डॉलर के करीब

Tue Jul 29 , 2025
मुंबई, 29 जुलाई (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली और डॉलर की माँग आने से मंगलवार को रुपये में लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। भारतीय मुद्रा 20.75 पैसे टूटकर 86.91 रुपये प्रति डॉलर पर आ गयी जो करीब डेढ़ महीने का निचला स्तर है। रुपये पर शुरू से ही दबाव […]

You May Like