
सीहोर। उत्तर-भारत में हो रही बर्फबारी और 240 किमी की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम के कारण अंचल में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. शनिवार को दिन और रात के तापमान एक-एक डिग्री की गिरावट हुई. ऐसे में अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. यह सीजन की दूसरी सबसे ठंडी रात है. इससे पहले न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री तक जा चुका है.
शनिवार सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रहा. ऐसे में दृश्यता 20 मीटर रही. मौसम विभाग का मानना है कि अभी कुछ दिन और तेज ठंड पड़ेगी. ऐसे में नए साल की शुरुआत भी तेज ठंड के बीच होगी.
आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि इन दिनों उत्तर-भारत में बर्फबारी हो रही है. इसके साथ ही वर्तमान में जेट स्ट्रीम भी चल रही है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का असर है. शनिवार को यह जमीन से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 240 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बही. जेट स्ट्रीम की रफ्तार रविवार को भी इतनी ही रफ्तार रहने का अनुमान है। ऐसे में अभी ठंड का असर बना रहेगा. इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि 30 दिसंबर को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसका असर भी अंचल में देखने को मिलेगा. सर्द हवाओं की वजह से ठंड का मिजाज और भी बढ़ सकता है. एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम विशेषज्ञ डॉ. तोमर की माने तो ठंड बढऩे की वजह खास वजह जेट स्ट्रीम है. जमीन से लगभग 12 किमी ऊंचाई पर चलने वाली तेज हवा है. इस बार रफ्तार 262 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई है.
बुजुर्गों व बच्चों की सेहत का रखना होगा ध्यान
जिला अस्पताल के एमडी मेडिसिन डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि रात और दिन के तापमान में ज्यादा अंतर आने से बच्चों, बड़ों और बुजुर्गों को अपनी सेहत का ध्यान रखना होगा। खासतौर पर डायबिटीज, बीपी और हृदय बीमारियों से ग्रस्त लोगों को घर में ही रहने की सलाह दी जा रही है।
