
जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में राशन वितरण को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। महिलाओं-पुरूषों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की जिसमें चार लोग घायल हुए। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गोसलपुर कछपुरा गांव में करीब दो साल पहले शासकीय उचित मूल्य की दुकान खुली थी। जिसका संचालक अध्यक्ष पूजा पटेल और सचिव अर्चना पटेल समेत समूह की महिला सदस्य संयुक्त रूप से करती आ रही थी। वर्तमान में अर्चना पटैल अध्यक्ष बनी और पूजा सचिव बनाई गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मनमुुटाव शुरू हुआ। इसके साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चलता रहा। कल विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में टकरा गए। एक दूसरे के साथ मारपीट की। पूजा पटेल की रिपोर्ट पर रंजीत पटेल, अर्चना पटेल, भाग्यचंद पटैल, शशि बाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है जबकि अर्जना पटेल की रिपोर्ट पर पूजा पटेल, युद्धवीर पटेल, प्रांशु पटेल, रुक्मिणी पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
