नोएडा, (वार्ता) हरित ऊर्जा क्षेत्र में कारोबार करने वाले इनॉक्सजीएफएल समूह की कंपनी इनॉक्स नियो एनर्जीज़ प्रा.लि. ने स्काईपावर सोलर इंडिया प्रा. लिमिटेड का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। समूह ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
अधिग्रहीत कंपनी के पास मध्य प्रदेश में 50 मेगावॉट (एसी) / 57.5 मेगावॉटपी (डीसी) की सौर ऊर्जा संपत्तियां हैं। यह सौर परियोजना वित्त वर्ष 2018 में चालू की गयी थी और मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित है।
इनॉक्स नियो एनर्जीज़ समूह की कंपनी इनॉक्स क्लीन एनर्जी लिमिटेड की नवीकरणीय स्वतंत्र बिजली उत्पादक इकाई है।
विज्ञप्ति के अनुसार यह सौदा लगभग 265 करोड़ रुपये में हुआ है, जो परिचालन लाभ के लगभग 5.3 गुणा के बराबर है। इनॉक्स क्लीन एनर्जी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरत सक्सेना ने कहा,“ स्काईपावर का अधिग्रहण कारोबार के विस्तार की हमारी वृद्धि रणनीति के अनुरूप है। यह संपत्ति परिचालन और वित्तीय रूप से मजबूत है, और पहले दिन से ही मूल्यवर्धक साबित होगी। ”
