मुंबई | स्टार प्लस के लोकप्रिय शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में 8 साल के लंबे लीप के बाद कहानी ने पूरी तरह करवट ले ली है। अभिरा और अरमान अब एक-दूसरे से कोसों दूर अपनी अलग दुनिया बसा चुके हैं। अभिरा अपनी बेटी मुक्ति के साथ एक साधारण मोहल्ले में रहकर संघर्षपूर्ण जीवन बिता रही है, जबकि अरमान अपनी बेटी मायरा के साथ अपनी प्रोफेशनल लाइफ में आगे बढ़ चुका है। हालांकि, वक्त का पहिया एक बार फिर उन्हें करीब ला रहा है। आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को अतीत और वर्तमान के बीच एक जोरदार भावनात्मक टकराव देखने को मिलेगा, जो शो की टीआरपी को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है।
शो में हाई-वोल्टेज ड्रामा तब शुरू होता है जब अरमान को एक नया रियल एस्टेट प्रोजेक्ट सौंपा जाता है। इस प्रोजेक्ट के रास्ते में एक चॉल सबसे बड़ी रुकावट बनी हुई है, जिसे खाली कराने का जिम्मा अरमान खुद उठाता है। अरमान को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि जिस महिला को वह वहां से हटाने जा रहा है, वह कोई और नहीं बल्कि उसकी पुरानी मोहब्बत अभिरा है। अरमान सीधे उस मोहल्ले में पहुँच जाता है जहाँ अभिरा और मुक्ति रहते हैं। यह मुलाकात सिर्फ एक बिजनेस डील नहीं, बल्कि दबे हुए गुस्से, दर्द और पुराने जख्मों को फिर से कुरेदने वाली साबित होगी।
दूसरी तरफ, कहानी में अभिरा और उसकी बेटी मुक्ति के बीच के खूबसूरत रिश्ते को भी प्रमुखता से दिखाया जा रहा है। मुक्ति अपने स्कूल एडमिशन को लेकर परेशान है, जिसे अभिरा बड़ी ही परिपक्वता और प्यार के साथ संभालती है। गैराज में कार वॉशिंग के दौरान दोनों के बीच के हंसी-मजाक और भावुक पल दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। वहीं, ऑफिस में अरमान का बढ़ता गुस्सा और चॉल को खाली कराने की जिद यह संकेत दे रही है कि अभिरा और अरमान के बीच की यह भिड़ंत काफी तीखी होने वाली है। अब देखना यह होगा कि क्या यह नया प्रोजेक्ट इन टूटे हुए रिश्तों को फिर से जोड़ने का जरिया बनेगा या दूरियां और बढ़ा देगा।

