चांदी के कड़े के लिए 85 साल की बुजुर्ग महिला का गला घोंटा, पैर काटे, मिली उम्रकैद की सजा

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला जुग्गो बाई की निर्मम हत्या और लूट के बहुचर्चित मामले में विशेष न्यायालय (एट्रोसिटीज) ग्वालियर ने अहम फैसला सुनाया है। न्यायालय ने आरोपित भूरा उर्फ काले खां को हत्या, डकैती और गृह अतिचार का दोषी मानते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला विशेष न्यायाधीश ऋतुराज सिंह चौहान द्वारा सुनाया गया। शासन की ओर से इस मामले की पैरवी विशेष लोक अभियोजक दिनेश सिंह चौहान ने की।

फरियादी धर्मेन्द्र खटीक ने थाना बहोड़ापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां जुग्गो बाई चलने-फिरने में असमर्थ थीं और घर के निचले कमरे में सोती थीं। अज्ञात आरोपितों ने घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी। जब स्वजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि जुग्गो बाई मृत अवस्था में पड़ी थीं। गले में कपड़े का फंदा लगा था और दोनों पैरों के पंजे कटे हुए थे। पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब थे। घटना की सूचना तत्काल 100 डायल पर दी गई। इसके बाद पुलिस ने डकैती और अपहरण प्रभावित क्षेत्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित भूरा उर्फ काले खां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी जमाल उर्फ करूआ खां के साथ मिलकर वारदात की। आरोपित के बताने पर पुलिस ने जौरा स्थित सुनार पवन सिंघल की दुकान से चांदी का एक कड़ा जब्त किया, जबकि दूसरा कड़ा सह आरोपित जमाल उर्फ करूआ के घर से जमीन खोदकर बरामद किया गया।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि यह हत्या लूट के इरादे से की गई थी और बुजुर्ग महिला के साथ अत्यंत क्रूरता बरती गई। अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी बरतना उचित नहीं है।

Next Post

शिवपुरी जिले में पहली बार अब ग्रेनाइट की खदानें भी शुरू

Fri Feb 6 , 2026
शिवपुरी। पत्थर व फर्शी के लिए देशभर में विख्यात शिवपुरी जिले में अब ग्रेनाइट की खदानें भी संचालित होंगी और एक बड़े वर्ग को इसमें रोजगार मिलेगा। जिले के नरवर स्थित मगरौनी के पास ग्राम विची में 4 हेक्टेयर की एक खदान शुरू हुई है, जिसमें से ग्रेनाइट पत्थर निकल […]

You May Like