
भोपाल। शहर में कार्बाइड गन की बिक्री खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. शनिवार को लालघाटी पटाखा मार्केट में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकानों की जांच की. एसीपी अनिल बाजपेई ने अचानक मार्केट पहुंचकर निरीक्षण करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए. कोहेफिजा और शाहजहानाबाद थाना पुलिस की टीमों ने बाजार की हर दुकान की इस मौके पर सघन जांच की. हालांकि जांच के दौरान किसी भी दुकान से कार्बाइड़ गन मिलने की जानकारी सामने नहीं आई. एसीपी अनिल बाजपेई ने इस मौके पर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वह नियमों का पालन करें और अगर कोई भी व्यक्ति कार्बाइड गन बेचते हुए या इस्तेमाल करते पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. दुकानदारों ने भी इसके खिलाफ की जा रही कार्रवाई का समर्थन किया. बता दें कि प्रदेश सरकार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत कार्बाइड गन की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. इसी आदेश के पालन में पुलिस की यह कार्रवाई की गई.
दीपावली पर्व के दौरान प्रतिबंधित पटाखों और कार्बाइड गन के उपयोग से कई बच्चे घायल हुए है. सभी घायल बच्चों का हमीदिया और एम्स अस्पताल में इलाज जारी है. मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के साथ ही अन्य मंत्री और अधिकारी अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल भी जाना है. बच्चों के बेहतर इलाज के लिए दिशा निर्देश भी दिए गए हैं.
