
जबलपुर। पनागर तहसील के ग्राम बघौड़ा स्थित जैनम फूड प्रोडक्ट्स का खाद्य पंजीयन खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने आकस्मिक निरीक्षण में पाया कि फ्राइम्स खुले स्थान पर जमीन पर सुखाए जा रहे थे, कर्मचारी पैरों से फैलाते थे और कुत्ते आसपास विचर रहे थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि प्रतिदिन लगभग एक मीट्रिक टन उत्पादन होने के बावजूद प्रतिष्ठान केवल खाद्य पंजीयन के आधार पर संचालित हो रहा था, जबकि इसके लिए खाद्य अनुमति आवश्यक थी। लोक स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए खाद्य निर्माण और बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
