मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) बॉलीवुड के जानेमाने अभिनेता और फिल्मकार अनुपम खेर ने फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव का धन्यवाद किया।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलते हुए नजर आ रहे हैं।अनुपम खेर ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुये पोस्ट के कैप्शन में लिखा, मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री: मुख्यमंत्री मोहन यादव जी! कल भोपाल में पहले आपके निवास स्थान पर आपसे मुलाकात हुई। उसके बाद हमारे लिए ये सौभाग्य की बात रही कि आप हमारी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ थिएटर में देखने आए। आपने न सिर्फ हमारी फिल्म की तारीफ की, बल्कि फिल्म की भावना को समझकर इसे टैक्स फ्री भी घोषित कर दिया।
अनुपम खेर ने कहा, ”फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला आपके सामाजिक मुद्दों और भारतीय सेना के प्रति खास सम्मान और भावनाओं को दर्शाता है। एक बार फिर आपका और आपके मंत्रिमंडल और अन्य कर्मचारियों का हृदय से धन्यवाद! जय हिन्द!”
फिल्म तन्वी द ग्रेट में शुभांगी दत्त मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अनुपम खेर, जैकी श्रॉफ, बोमन ईरानी, पल्लवी जोशी, करण टैकर और इयान ग्लेन जैसे कलाकार की अहम भूमिका है। इस फिल्म का निर्माण अनुपम खेर स्टूडियोज ने एनएफडीसी (राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम) के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म 18 जुलाई को रिलीज हुयी है।
