
गुना। शहर के प्रतिष्ठित संस्थान श्री राधा इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य, नाटक और सुमधुर स्वागत गीतों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे देख उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया।
गौरतलब है कि श्री राधा इंटरनेशनल स्कूल शहर के जाने-माने आभूषण शोरूम श्री राधा जेम्स एवं ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित है। स्कूल में हुए इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में गुना की पहली महिला एसपी हितिका वासल और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। एसपी हितिका वसल और सीईओ अभिषेक दुबे ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की और उन्हें अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक ईश्वर वंदना के साथ हुआ। वार्षिक उत्सव में छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे खूब सराहा गया। स्कूल के छोटे बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने अभिभावकों का दिल जीत लिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय संगीत और गीतों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय की प्राचार्य और अतिथियों ने वर्ष भर आयोजित हुई विभिन्न खेलकूद एवं शैक्षणिक गतिविधियों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा के साथ-साथ विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों और भारतीय संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
