इंदौर: अन्नपूर्णा क्षेत्र में महावर नगर निवासी एक परिवार में बेटे के जन्मदिन की खुशियां उस वक्त गम में बदल गई, जब बेटे ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी सांस हमेशा के लिए थम गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर एमवाय में उसका पीएम करवाया. पुलिस के अनुसार, महावर नगर निवासी 20 वर्षीय वंश पिता अनिल पारोचे का शुक्रवार को जन्मदिन था.
परिवार में खुशी का माहौल था. परिवार के लोगों ने वंश का पूरे उत्साह और हंसी-खुशी के साथ जन्मदिन मनाया. वंश के बड़े भाई नीरज ने बताया कि शुक्रवार को छोटे भाई का जन्मदिन मनाने के बाद परिवार के लोगों ने खाना खाया. वंश ने भी साथ में ही खाया. खाना खाकर वह ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया. वहां उसने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया. नीरज के मुताबिक, वंश को जब उल्टी हुई और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो मां को पता चला, जिसके बाद उसे प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे.
वहां से एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि वह धार्मिक प्रवृत्ति का था और मां के साथ ही नगर निगम में काम करता था. उसने ऐसा क्यों किया ये परिवार के लोगों को भी समझ नहीं आ रहा है. उसके पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
