बेंगलुरु, 24 अप्रैल (वार्ता) हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए एक विशेष गोलकीपिंग शिविर 22 अप्रैल से दो मई तक भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बेंगलुरु केन्द्र में आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर का संचालन डेविड विलियमसन कर रहे हैं और इसकी देखरेख टीम के मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने कर रहे हैं। सविता, बंसरी सोलंकी, बिचू देवी खारीबाम और माधुरी किंडो इस विशेष कैंप का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले भारत की गोलकीपिंग इकाई को और मजबूत करना है।
डेविड विलियमसन उत्तरी आयरलैंड के एक अत्यंत अनुभवी हॉकी कोच हैं, जो काफी समय तक अमेरिकी महिला राष्ट्रीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 2025 में महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में ओडिशा वॉरियर्स के सहायक कोच के रूप में भी काम किया था।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने ने कहा, “हाल ही में अर्जेंटीना दौरे के दौरान गोलकीपरों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। जून से शुरू होने वाले महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों को देखते हुए, इस तरह का एक केंद्रित प्रशिक्षण कैंप आयोजित करने का यह एक बेहतरीन समय है।”
उन्होंने कहा, “हमने जूनियर टीम की गोलकीपरों को भी सीनियर खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण के लिए शामिल किया है। यह अनुभव उनके विकास के लिए अत्यंत मूल्यवान साबित होगा और उन्हें निकट भविष्य में सीनियर स्तर पर पहुंचने के लिए तैयार करने में मदद करेगा।” अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता ने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर, महिला हॉकी को इस तरह का समर्थन मिलते देखना हमारे लिए हमेशा उत्साहजनक होता है। यह इस व्यवस्था से उभरकर सामने आ रही युवा एथलीटों के लिए भी एक शानदार अवसर है। जब युवा लड़कियां देखती हैं कि आज हॉकी को किस तरह का समर्थन मिल रहा है, तो इससे उनमें आत्मविश्वास और यह विश्वास जागता है कि वे जीवन में बहुत आगे तक जा सकती हैं। ‘आनंदना’ (द कोका-कोला इंडिया फाउंडेशन) की ओर से मिलने वाला इस तरह का समर्थन, देश में महिला हॉकी को आगे बढ़ाने में निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

