
गुना। जिले के मृगवास थाना अंतर्गत ग्राम बकन्या में रविवार देर रात पांच अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर लाखों की लूट को अंजाम दिया है। बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए दंपत्ति के साथ इतनी गंभीर मारपीट की कि बुजुर्ग के दांत तक टूट गए।
पीड़ित वेंकट बैरागी ने बताया कि देर रात पांच हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुसे। उन्होंने वेंकट और उनकी पत्नी के सामने कट्टा तानकर नगदी के बारे में पूछताछ करने लगे। जब दंपत्ति ने जानकारी देने में देरी की, तो बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी भयावह थी कि बुजुर्ग दंपत्ति को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। लाखों रुपये की नगदी और गहने लूटने के बाद, बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से दंपत्ति के हाथ-पांव और मुंह बांध दिए और उन्हें घर के अंदर ही छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह खुद को बंधनों से मुक्त कर पीड़ित ने पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मारपीट के कारण दंपत्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।
मौके पर पहुंचीं एसपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए गुना एसपी हितिका वासल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से चर्चा कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। मामले के खुलासे के लिए एसपी ने 2 डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है जो संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
इलाके में दहशत का माहौल
बकन्या गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सक्रियता पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के जरिए बदमाशों का सुराग लगा रही है।
