छतरपुर। बंधा तिगड्डा के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान परमलाल रैकवार (30) निवासी ग्राम स्वागी, थाना बल्देवगढ़ सटई के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार परमलाल तेरहवीं का निमंत्रण देकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंधा तिगड्डा के पास अचानक सड़क पर आई भैंस से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को तत्काल बड़ामलहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मंगलवार रात करीब 8:30 बजे युवक ने दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
