नयी दिल्ली, 23 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को यहां ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को देश की प्रगति के लिए जरूरी बताते हुए देशवासियों से इस अभियान के लिए लोगों में अलख जगाने की अपील की।
राष्ट्रीय राजधानी के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते श्री चौहान ने कहा कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को लेकर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम हो रहे हैं, लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं और देश में एक साथ चुनाव होना चाहिए इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने इसका समर्थन करते हुए इसे देश की प्रगति और विकास के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव देश के संसाधनों, समय और ऊर्जा की बर्बादी के साथ ही इससे विकास कार्य बाधित होते हैं।
श्री चौहान ने सभा में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा, “मेरे भाइयों और बहनों, गांव-गांव जाना है, जागरण का मंत्र फूंकना है और“एक राष्ट्र-एक चुनाव’ और स्वदेशी की अलख जगाना है।”
उन्होंने कहा कि इसका परिणाम यह होगा कि देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ने के साथ दुनिया का नंबर एक देश बन जाएगा। इसलिए हमें हम सभी को इसके लिए संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव के समर्थन में सभी वर्ग आगे आ रहे हैं। इससे राष्ट्र के विकास की गति तेज होगी और चुनावी हिंसा में भी कमी आएगी।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा चुनाव के दौरान आचार संहिता लगने और पूरे देश की मशीनरी चुनाव संपन्न कराने में जुट जाती है जिससे दैनिक कामकाज प्रभावित होता है और विकास कार्य बाधित होता है। चुनाव में कलेक्टर से लेकर शिक्षक, इंस्पेक्टर और पूरा सरकारी महकता मतदाता सूची से लेकर मतगणना होने तक व्यस्त हो जाता है।
उन्होंने कहा कि जब हर पांच साल में एक बार चुनाव होंगे, तो मतदाता सूची एक ही बार बनेगी, जिससे मतदाता सूची पर विवाद खत्म हो जाएगा और इसके साथ ही चुनाव कराने में होने वाले लाखों करोड़ों रुपये का खर्च भी बचेगा। उन्होने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ देशहित में बताते हुए इससे सभी के जुड़ने की भी अपील की।
