
इंदौर. शहर के एक मंदिर से रात्रि में शिवजी की मूर्ति और घंटा चुराने वाले आरोपी को विजयनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से चोरी की गई पीतल की मूर्ति और घंटा भी बरामद कर लिया है.
घटना 21 जून की रात करीब एक बजे की है. सोलंकी नगर निवासी नर्मदा पुरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर के पास स्थित मंदिर से 10 किलो वजनी पीतल की शिवजी की मूर्ति और पीतल का एक घंटा कोई अज्ञात बदमाश चुरा ले गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डीसीपी जोन-2 हंसराज सिंह, एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह और एसीपी आदित्य पटले के निर्देशन में विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की थी, टीम ने तुरंत घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां दर्ज मिलीं. फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आरोपी की पहचान बेताल सिंह पिता बहादुर सिंह कोमल उम्र 28 वर्ष निवासी गुरु नगर, इंदौर के रूप में हुई. पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की गई मूर्ति और घंटा बरामद कर लिया.
