
इंदौर. भगवान के घर में हाथ साफ करने वाले दो बदमाशों को तिलक नगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने एक मंदिर से लोहे की दान पेटी चोरी की थी, जिसे पुलिस ने नकदी सहित बरामद कर लिया है. दोनों आरोपी पहले भी नकबजनी, मारपीट, अवैध वसूली और लूट जैसे मामलों में लिप्त रह चुके हैं.
तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि घटना 20 जून की रात करीब 3 बजे की है. फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर के पास बने मंदिर से कोई अज्ञात बदमाश करीब 8 किलो वज़न की लाल रंग की दान पेटी चुरा ले गया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरु की. पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई आकाश पिता लक्ष्मीनारायण परिहार निवासी टिगरिया बादशाह रोड, बाणगंगा, कार्तिक पिता गणपत सूर्यवंशी निवासी सुरेन्द्र नगर, बाणगंगा. दोनों की तलाश कर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और उनके कब्जे से चोरी गई दान पेटी और उसमें रखी नकदी बरामद कर ली गई.
