छतरपुर। पीएनबी बैंक में हुई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक के शाखा प्रबंधक अमरेंद्र कुमार दास को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के फंड को फर्जी खातों में ट्रांसफर किया और इस तरह 4 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक अनियमितता को अंजाम दिया।
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसपी ने बताया कि यह प्रकरण करीब 7 वर्ष पुराना है, जिसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की गई, जिसमें शाखा प्रबंधक की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी खातों का उपयोग कर बड़ी राशि का गबन किया। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस धोखाधड़ी में कोई अन्य कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति शामिल तो नहीं है।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
