अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में 60 % का भारी उछाल आया है।
डायरेक्टर इंद्र कुमार की फिल्म ‘धमाल 4’ बीते शुक्रवार यानी 10 जुलाई 2026 को दर्शकों के बीच पहुंची। रिलीज के पहले ही दिन से फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और रवि किशन जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी इस फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
फिल्म की पॉपुलेरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके कलेक्शन में दूसरे दिन काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। धमाल फ्रेंचाइजी की इस चौथी कड़ी ने अपने सफर की शुरुआत काफी धमाकेदार अंदाज में की है।
बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन आई जबरदस्त आंधी
पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ ने 13.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। बीते शनिवार को फिल्म की कमाई में जो उछाल आया, उसने सबको हैरान कर दिया। खबरों के अनुसार, दूसरे दिन फिल्म के बिजनेस में सीधे 60 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
शनिवार को फिल्म ने भारतीय बाजार से 22.50 करोड़ रुपये की बड़ी कमाई अपने नाम की। 2 दिनों के अंदर ही फिल्म का नेट कलेक्शन 36.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 48.80 करोड़ रुपये हो चुका है। अब ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजरें फिल्म की रविवार की कमाई पर टिकी हैं।
दुनियाभर के सिनेमाघरों में ‘धमाल 4’ ने गाड़े झंडे
‘धमाल 4’ न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी कमाल का प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के दूसरे दिन ‘धमाल 4’ ने विदेशी बाजारों से 5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 10 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है।
वैश्विक स्तर पर फिल्म ‘धमाल 4’ की कुल कमाई का आंकड़ा अब 53.80 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। केवल 2 दिनों में ही 50 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर इस फिल्म ने साबित कर दिया है कि दर्शकों को एक बार फिर इसकी पुरानी स्टारकास्ट और पुराना अंदाज बेहद पसंद आ रहा है।
100 साल पुराने खजाने की वो अनोखी रेस
साल 2007 में शुरू हुई ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की यह चौथी कड़ी एक बिल्कुल नई और दिलचस्प कहानी पर आधारित है। ‘धमाल 4’ का पूरा ताना-बाना 100 साल पुराने एक रहस्यमयी खजाने के इर्द-गिर्द बुना गया है। इस खजाने का सुराग हाथ लगते ही फिल्म के सभी मुख्य किरदार इसे हासिल करने की अंधी दौड़ में शामिल हो जाते हैं।
खजाने को ढ़ूढ़ने के सफर में उनके सामने एक से बढ़कर एक अजीबोगरीब मुश्किलें और चुनौतियां आती हैं। अजय देवगन, संजीदा शेख और संजय मिश्रा की मौजूदगी ने इस सफर को और अधिक मजेदार बना दिया है। मुसीबतों के बीच छिपे हंसी के ये पल दर्शकों को पूरे समय सिनेमाघरों में बांधकर रखते हैं।
