
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चीनी का औसत भाव बढ़ गया। वहीं, चावल में गिरावट रही जबकि दालों और खाद्य तेलों के दाम बढ़ गए। गेहूं में टिकाव देखा गया। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 23 रुपये बढ़कर 5,523 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गुड़ भी 36 रुपये महंगा होकर 6,021 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत छह पैसे घटकर 59.92 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 100 रुपये टूटकर 4,072 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं तीन 2,863 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत 24 रुपये बढ़ी। दाल-दलहनों में मसूर दाल की औसत कीमत 70 रुपये और चना दाल की 37 रुपये प्रति क्विंटल उतर गई। मूंग दाल चार रुपये सस्ती हुई। उड़द दाल 13 रुपये और तुअर दाल 11 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गई। स्थानीय बाजार में आज मूंगफली तेल की औसत कीमत 141 रुपये और पाम ऑयल की 24 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। वनस्पति 14 रुपये और सरसों तेल चार रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत 28 रुपये और सोया तेल की 18 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई।
