अघोषित गौशाला बना शहर, नपा प्रशासन के लिए चुनौती

सीधी । शहर में आवारा मवेशियों के कारण सडक़ों पर बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक की समस्या को अघोषित गौशाला कहा जाता है जो नगर पालिका के लिए एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती बन गई है। आवारा मवेशियों के बीच सडक़ पर आने से आए दिन हादसे होते हैं जिससे नागरिकों की जान को खतरा रहता है। वहीं मुख्य मार्गों और बाजारों में मवेशियों के डेरा डालने से जाम की स्थिति बनती है।

बताते चलें कि सीधी शहर के बाजार क्षेत्र से लगे मोहल्लों में आवारा मवेशियों की संख्या सर्वाधिक है। इनमें अमहा, पटेलपुल, कोटहा, सराफा बाजार, आजाद नगर, वर्मा कॉलोनी आदि मुख्य हैं। यहां सैकड़ों की संख्या में आवारा मवेशी रात-दिन जमे रहते हैं। साथ ही शहर के बाजार क्षेत्र की मुख्य सडक़ों में आवारा मवेशियों का झुण्ड डेरा जमाये रहता है जिससे यातायात सर्वाधिक बाधित होता है और जाम की स्थिति निर्मित होती है। कलेक्ट्रेट मार्ग में भी आवारा मवेशियों का झुण्ड हर समय मौजूद रहता है।

परिवहन के दौरान गौवंश की मौत के बाद से रुकी कार्यवाही

आवारा मवेशियों को आसपास के गौशालाओं में रखने की कार्ययोजना 2 वर्ष पूर्व नगर पालिका द्वारा बनाई गई थी। उस दौरान बाजार क्षेत्र के मुख्य सडक़ों में मौजूद गौवंशों को मानस भवन की बाउंड्री के अंदर एकत्र किया गया था, वहां से नपा के ट्रैक्टर-ट्राली में लोड कर गौशाला ले जाने के दौरान ट्राली से नीचे गिरने से गौवंश की मौत हो गई थी, उसके बाद कार्यवाही ही रूक गई।

समस्या के स्थाई समाधान हेतु जनभागीदारी की दरकार

शहर में मौजूद हजारों की संख्या में आवारा मवेशियों की समस्या के स्थाई समाधान हेतु जनभागीदारी की आवश्यकता है। सक्रिय जन भागीदारी से ही आवारा मवेशियों को आसपास की गौशालाओं में पहुंचाने की कार्यवाही पूरी हो सकती है। कुछ आवारा मवेशियों को जनभागीदारी के माध्यम से अन्य सुरक्षित स्थानों में रखने की कार्ययोजना बनाई जा सकती है।

इनका कहना है

शहर में आवारा मवेशियों के समस्या के निदान हेतु निकाय द्वारा समय-समय पर शासन-प्रशासन के निर्देशानुसार कार्यवाही होती रहती है। लेकिन इसके समाधान हेतु पूर्व में किये गये सार्थक प्रयास के दौरान कुछ व्यवहारिक दिक्कतों के कारण पूर्ण रुपेण स्थाई समाधान अभी तक नही हो पाया है, इसके स्थाई समाधान हेतु जनभागीदारी के सहयोग की आवश्यकता है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जनभागीदारी के सहयोग से जल्द ही इस समस्या का स्थाई समाधान किया जायेगा।

महमूद हसन, सीएमओ नपा सीधी

Next Post

ग्वालियर में क्रिप्टो निवेश के नाम पर हुए 21 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड मामले में राज्य साइबर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Thu Aug 6 , 2026
ग्वालियर, ग्वालियर में क्रिप्टोकरेंसी इन्वेस्टमेंट के नाम पर 21 करोड़ 5 लाख 92 हजार रुपए से ज्यादा की ठगी के मामले में स्टेट साइबर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शाजापुर के बीजेपी से जुड़े जिला पंचायत सदस्य और रिटायर्ड फौजी जगदीश कुमार मालवीय को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार […]

You May Like