ग्रामीण अंचलों को मिली स्वास्थ्य, बिजली और शिक्षा की बड़ी सौगातें

अलीराजपुर। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने आज ग्रामीण क्षेत्रों के प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, विद्युत एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों का शुभारंभ करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।प्रवास के दौरान सुखी बावड़ी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से ग्राम सुखी बावड़ी एवं आसपास के सभी फलियों के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

इसके पश्चात मंत्री श्री चौहान ने सुखी बावड़ी के मेरवाड़ी फलिया में 5 लाख 60 हजार रुपये, सस्तिया फलिया में 3 लाख 57 हजार 300 रुपये तथा ग्राम दारजा के धमोडी फलिया में 4 लाख 86 हजार 730 रुपये की लागत से विधायक निधि से स्थापित विद्युत डीपी का लोकार्पण कर विद्युत प्रवाह प्रारंभ किया। इन विद्युत डीपी के शुरू होने से संबंधित फलियों में वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने के साथ ही ग्रामीणों एवं किसानों को बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। पर्याप्त एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति से कृषि कार्यों तथा सिंचाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी, जिससे किसानों को समय पर पानी उपलब्ध होने में सुविधा होगी।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान फूलमाल पहुंचे, जहां उन्होंने 50 सीटर नवीन बालक छात्रावास का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास जैसी सुविधाएं शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में रहकर अध्ययन करने का अवसर मिलेगा तथा आर्थिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों को कम किया जा सकेगा।

मंत्री श्री चौहान ने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाना है। सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का सीधा लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसी संकल्प के साथ ग्रामीण अंचलों में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

इस दौरान भाजपा जिला मंत्री धुलसिंह बामनिया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश सस्तीया, फूलमाल मंडल अध्यक्ष पंकज चौहान, रोशन पचाया, अमन सिंह भिड़े, मांगू सिंह, हर्षद सिंह, अनिल, इढला, सुखी बावड़ी, मालवीय, फूलमाल दराज के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

Next Post

मानवाधिकार हनन पर सरकार को घेरने भोपाल जाएगा प्रतिनिधिमंडल

Sun Sep 13 , 2026
जबलपुर। अखिल भारतीय मानव अधिकार समिति ने प्रदेश में मानवाधिकार हनन, पुलिस प्रशासन की अकर्मण्यता, शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार को घेरने का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडे ने पत्रकारवार्ता में कहा कि बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत, सागर में […]

You May Like