
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के परसौना से निगाही मोड़ फोरलेन सड़क बदहाल हालात को देख वाहन चालक एमपीआरडीसी के अधिकारियों को कोसने में कोई कोर कसर नही छोड़ रहे हैं। वहीं टोल प्लाजा के ठेकेदार को भी लोग कोस रहे हैं।
दरअसल परसौना से निगाही सड़क मार्ग नगर निगम के द्वारा एमपीआरडीसी को राशि सौपी गई थी, जहां करीब 5 वर्ष पूर्व सड़क का निर्माणकार्य क्रियान्वयन एजेंसी एमपीआरडीसी के द्वारा कराया गया था, किंतु गुणवत्ता विहीन कार्य के चलते करोड़ों रूपये की सड़क साल भर के अंदर ही टूटने-उखड़ने लगी थी। ज्यादा शोर-शराबा होने पर संविदाकार के द्वारा मरम्मत कार्य कराया जा रहा था कि इधर जनवरी महीने में सड़क कार्य की गारंटी अवधि समाप्त हो गई। इसके बाद से सड़क का मरम्मत कार्य टोल प्लाजा तेलदह उदित प्लाजा के द्वारा भी सड़क का मरम्मत कार्य समय-समय पर नही कराया गया। लिहाजा 8 किलोमीटर के सड़क में दो-चार नही सैकड़ों गड्ढे होने से सड़क हादसे में इजाफा हो रहा है। फिलहाल सड़क का मरम्मत कार्य के बाद नये सिरे से सड़क निर्माण कराए जाने की मांग जोर पकड़ रहा है। वहीं उदित टोल प्लाजा के संविदाकार भी सवालों के लपेटो में है। फिलहाल यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि जब सड़क गारंटी अवधि में थी, फिर टोल प्लाजा के ठेकेदार ने सड़क का पैच मरम्मत कार्य कौन कराया है या फिर एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारी सरासर झूठ बोल रहे हैं। निष्पक्ष जांच से ही सड़क पैच मरम्मत कार्य का भेद खुल सकता है। इधर सड़क पैच मरम्मत कराए जाने की मांग रहवासियों के साथ-साथ वाहन चालक भी जोर-शोर से करने लगे हैं।
विधायक ने सड़क के पैच मरम्मत पर दिया जोर
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने परसौना से निगाही मोड़ तक सड़क का पैच मरम्मत के साथ-साथ नवीनीकरण कार्य कराए जाने पर जोर दिया है। पिछले दिनों एमपीआरडीसी रीवा के अधिकारियों का दौरा बैढ़न में हुआ है था, हालांकि चर्चा है कि एमपीआरडीसी के अधिकारियों को विधायक ने भी बुलाया था। जहां विधायक द्वारा उक्त अधिकारियों के साथ बैठक कर शीघ्र ही सड़क का पैच मरम्मत कराए जाने पर जोर दिया गया है। चर्चा है कि एमपीआरडीसी के अधिकारी आसपास के डामर प्लांट पर नजर लगा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द कार्य शुरू हो सके।
पैच मरम्मत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं
परसौना से निगाही मोड़ तक फोरलेन सड़क के पैच मरम्मत को लेकर गड़बड़झाला करने की बू आ रही है। सूत्र बताते हैं कि इसी साल के जनवरी महीने में उक्त सड़क गारंटी अवधि समाप्त हुई है और इस पॉच साल के दौरान सड़क के ठेकेदार ने मरम्मत कार्य कराया था, यह बात जगजाहिर है। वहीं यह भी चर्चा है कि परसौना से लेकर निगाही मोड़ तक फोरलेन सड़क का पैच मरम्मत कराने का जिम्मा तेलदह में स्थापित टोल प्लाजा के संविदाकार को सौपा गया है। फिर सवाल उठ रहा है कि आखिरकार इन पॉच साल के दौरान सड़क का पैच मरम्मत कार्य किसने कराया है।