नई दिल्ली | पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच आज 9 जून को सराफा बाजार में सोने और चांदी के भाव में सुस्ती दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त एक्सपायरी वाला सोना 0.03 प्रतिशत गिरकर 1,54,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं, जुलाई कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 0.67 प्रतिशत टूटकर 2,44,749 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रही है। वैश्विक स्तर पर भी चांदी में 1.15 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है।
प्रमुख महानगरों में सोने का ताजा भाव
स्थानीय टैक्स के कारण विभिन्न शहरों में सोने की कीमतों में अंतर है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,51,830 रुपये और 22 कैरेट 1,39,190 रुपये प्रति 10 ग्राम है। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,51,680 रुपये, जबकि चेन्नई में यह 1,53,480 रुपये पर कारोबार कर रहा है। अहमदाबाद और वडोदरा में 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,730 रुपये है। बेंगलुरु, हैदराबाद और केरल जैसे क्षेत्रों में कीमतें मुंबई के समान स्तर पर बनी हुई हैं।
विशेषज्ञों की निवेशकों के लिए सलाह
कमोडिटी बाजार के जानकारों के अनुसार, 1,52,500 रुपये का स्तर सोने के लिए एक मजबूत सपोर्ट लेवल बना हुआ है, जबकि 1,54,750 रुपये पर कड़ा रेजिस्टेंस है। एक्सपर्ट जेतीन त्रिवेदी ने निवेशकों को सलाह दी है कि इस उतार-चढ़ाव भरे बाजार में निवेश करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और तकनीकी स्तरों का ध्यान रखें। हालांकि, सोने की कीमतों में आई यह नरमी आम ग्राहकों के लिए राहत लेकर आई है, जो पिछले कुछ दिनों से तेजी से बढ़ रही कीमतों से परेशान थे।

