ग्वालियर: जूना पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज के ग्वालियर विमानतल आगमन पर विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अगवानी की। महाराजश्री का शॉल, श्रीफल भेंट कर और माला अर्पण कर स्वागत व अभिनंदन किया गया। आचार्यश्री अवधेशानंद महाराज ने विधानसभा अध्यक्ष तोमर को आशीर्वाद देते हुए देश एवं प्रदेश तथा ग्वालियर एवं चंबल संभाग के नागरिकों के लिए उन्नति की शुभकामना दी।
महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि दंदरौआ धाम मंदिर जिला भिंड पर होने वाली श्री राम कथा में भाग लेने के लिए पधारे हैं l नरेंद्र सिंह तोमर विमानतल से महाराज को साथ लेकर विक्रांत कॉलेज बिरजा रोड पर पहुंचे। अवधेशानंद महाराज की हवाई अड्डे पर स्वागत एवं अगवानी करने वालों में प्रदेश सरकार के सौर ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व विधायक सूबेदार सिंह राजोधा, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक जादौन, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, राम कथा आयोजन समिति के सदस्य चंद्र प्रकाश शिवहरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, अहिल्याबाई स्मारक के गंगा दास महाराज, भगवती शुक्ला, युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विवेक शर्मा, अरविंद शर्मा, अमरीश शर्मा आदि शामिल थे।
