महाकुम्भ के कारण 16 फरवरी के बाद होगी कांग्रेस किसान यात्रा

नयी दिल्ली, 15 जनवरी (वार्ता) किसान कांग्रेस ने महाकुंभ के कारण ‘किसान मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा’ का कार्यक्रम बदल दिया है और अब इसे 18 जनवरी से करने की बजाए 16 फरवरी के बाद ही शुरु किया जाएगा।

किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, सांसद किशोरी लाल शर्मा, पार्टी नेता विश्‍वविजय सिंह और अखिलेश शुक्‍ला ने बुधवार को यहाँ पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रयागराज महाकुंभ के कारण यात्रा के समय में परिवर्तन किया जा रहा है। यह यात्रा पहले 18 जनवरी से शुरू होनी थी लेकिन कांग्रेस ने इसे 16 फरवरी के बाद करना तय किया है, ताकि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो। गाजियाबाद से ही यात्रा शुरू होगी क्योंकि किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी पश्चिम उत्तर प्रदेश में ही है। यहां किसानों को गन्ने का उचित भुगतान नहीं मिल रहा है, जमीन अधिग्रहण का मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में किसान कांग्रेस हर जिले में 300 किसान न्याय योद्धा बनाएगी और उन्हें इससे जुड़ा सर्टिफिकेट दिया जाएगा। गत 10 साल में मोदी सरकार ने चंद अरबपतियों का करोड़ों रुपए का कर्ज माफ़ किया है, लेकिन किसानों के लिए कुछ नहीं किया। किसान पर लगातार कर्ज बढ़ रहा है और वे आत्महत्या कर रहे हैं जबकि मनमोहन सिंह सरकार ने देश के किसानों का करीब 72 हजार करोड़ का कर्ज माफ़ किया था।

कांग्रेस नेताओं ने अगले बजट सत्र में कृषि क्षेत्र का बजट बढ़ाने की मांग की ताकि किसान खुशहाल हो सके। उनका कहना था कि भाजपा किसान की आय दोगुनी करने की बात करती है लेकिन असलियत में किसान का कर्ज दोगुना हो गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और इस लड़ाई में हम सब साथ हैं।

Next Post

फिल्म बैदा का फर्स्ट-लुक वीडियो रिलीज

Thu Jan 16 , 2025
मुंबई, (वार्ता) साई-फाई फिल्म बैदा का फर्स्ट-लुक वीडियो रिलीज हो गया है। चायपत्ती और चिंता मणि जैसी दिलचस्प हॉरर कॉमेडी से धमाल मचाने वाली जोड़ी, कहानीकार-फिल्म निर्माता सुधांशु राय और निर्देशक पुनीत शर्मा अपनी आने वाली फिल्म बैदा के साथ धूम मचाने के लिये तैयार हैं। साई-फाई फिल्म बैदा का […]

You May Like