शहडोल नागपुर एक्सप्रेस हुई बेपटरी, ब्रेकयान पटरी से उतरा 

जबलपुर। जबलपुर से होकर गुज़रने वाली शहडोल नागपुर एक्सप्रेस गाड़ी सिवनी में शुक्रवार 13 मार्च को एक हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शहडोल से नागपुर की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन का सबसे अंतिम डिब्बा यानि ब्रेकयान अचानक पटरी से उतर गया। यह घटना खेराजी स्टेशन के समीप घटित हुई जिसके बाद पूरे रेल खंड में हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक महिला यात्री के घायल होने की खबर है, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया है। शुक्रवार को ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी तभी अचानक आए जोरदार झटके के साथ ब्रेकयान डिब्बे के पहिए पटरी से नीचे उतर गए। इस अचानक हुई हलचल और तेज आवाज के कारण ट्रेन के भीतर सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

महिला पर गिरा सामान

हादसे के दौरान कोच के भीतर सामान रखने वाली जगह से एक भारी अटैची अचानक नीचे गिर गई। यह अटैची सीधे एक महिला यात्री के ऊपर जा गिरी जिससे वह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम, आरपीएफ और जीआरपी का बल तुरंत मौके पर पहुंच गया।

घायल महिला को तत्काल अटेंड किया गया और स्थिति का जायजा लिया गया।

शुरू हुई जांच

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में इस दुर्घटना के पीछे तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी वास्तविक कारणों की सटीक जानकारी के लिए विस्तृत तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

रेल यातायात हुआ प्रभावित

एक्सप्रेस ट्रेन के ब्रेकयान के बेपटरी की घटना के बाद रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। तकनीकी अमला युद्ध स्तर पर पटरी को दुरुस्त करने और बेपटरी हुए ब्रेकवान को वापस ट्रैक पर लाने के कार्य में जुट गया था। जानकारी मिलने तक इस रूट पर रेल आवाजाही रुकी हुई थी और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा।

Next Post

पोषण आहार की कालाबाजारी, बंद दुकान से 140 बोरी जब्त

Fri Mar 13 , 2026
जबलपुर। शहर में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों को वितरित किए जाने वाले शासकीय पोषण आहार की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार रात घमापुर क्षेत्र में छापा मारकर करीब 140 बोरी पूरक पोषण आहार […]

You May Like