
जबलपुर। शहर में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों को वितरित किए जाने वाले शासकीय पोषण आहार की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार रात घमापुर क्षेत्र में छापा मारकर करीब 140 बोरी पूरक पोषण आहार जब्त किया है। यह आहार 6 माह से 3 वर्ष तक के पंजीकृत बच्चों को वितरित किया जाना था। स्थानीय लोगों की सूचना पर तहसीलदार, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की टीम करियापाथर मरघटाई रोड के पास स्थित एक बंद मकान पर पहुंची। मकान बंद होने के कारण पंचनामा बनाकर ताला तोड़ा गया, जहां कमरे के अंदर भारी मात्रा में शासकीय पोषण आहार की बोरियां रखी मिलीं। गिनती करने पर लगभग 140 बोरी खाद्यान्न बरामद हुआ, जिसे तत्काल जब्त कर कमरे को सील कर दिया गया।
