सागर में ननि की छापामार कार्रवाई: बिना अनुमति चल रही नमकीन फैक्ट्री पकड़ी, कर अनियमितताएं भी उजागर 

सागर। मध्यप्रदेश में सागर नगर निगम के उड़नदस्ता दल ने शहर के गुरु गोविंद सिंह वार्ड में संचालित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई कर कई अनियमितताएं पाई हैं। जांच के दौरान फैक्ट्री के पास व्यापारिक अनुज्ञप्ति और कारखाना संचालन की वैध अनुमति नहीं पाई गई।नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार गुजराती नमकीन नाम से संचालित इस फैक्ट्री में खाद्य सामग्री के निर्माण के लिए उपयोग किए जा रहे ट्यूबवेल के पानी की जांच रिपोर्ट भी संचालकों द्वारा प्रस्तुत नहीं की गई। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि फैक्ट्री से संबंधित संपत्तिकर का निर्धारण वास्तविक स्थिति की तुलना में कम किया गया था।उड़नदस्ता दल के प्रभारी आनंद मंगल गुरु ने बताया कि जांच के दौरान फैक्ट्री में कई प्रशासनिक और तकनीकी अनियमितताएं सामने आई हैं। इस मामले में नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 427(24) तथा धारा 246 के अंतर्गत अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई के दौरान भगवानगंज क्षेत्र में स्थित एक टीवीएस शोरूम का भी निरीक्षण किया। यहां संपत्तिकर का निर्धारण कम पाया गया, जिसके बाद मौके पर माप कराकर सही निर्धारण कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।इसी कार्रवाई के दौरान सरस्वती मैरिज गार्डन द्वारा बकाया संपत्तिकर की राशि भी जमा कराई गई। जानकारी के अनुसार मैरिज गार्डन संचालकों ने 44 हजार 800 रुपये की बकाया राशि नगर निगम में जमा कर दी है।नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व अधिकारी सहित कर संग्राहक राजेंद्र मलैया को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में बिना अनुमति संचालित इकाइयों और कर संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

पीआईसी एवं परिषद से स्वीकृत महावीर वार्ड के काम शीघ्र हो प्रारम्भ

Fri Mar 13 , 2026
मुलताई। नगरपालिका परिषद एवं पीआईसी की बैठक मे महावीर वार्ड मे स्वीकृत हुए निर्माण कार्य एक सप्ताह मे प्रारम्भ करने के मांग को लेकर पार्षद वंदना नितेश साहू ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन सौपा है। सात दिवस मे कार्य प्रारम्भ नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।ज्ञापन मे […]

You May Like